अंकित बालियान हत्याकांड में कनाडा में बैठे भोलू साहापुरिया पर 1 लाख का इनाम घोषित, शूटरों की हेल्प करने वाले चिराग-मोंटी पर भी जांच शुरु

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में फरार आरोपियों की संख्या और उनकी भूमिका को लेकर नए खुलासे सामने आ रहे हैं. अब शामली पुलिस ने कनाडा के टोरंटो में बैठे गोगी गैंग के गैंगस्टर भोलू साहापुरिया पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. जांच के दौरान भोलू के साथ चिराग और मोंटी के नाम भी सामने आए हैं. पुलिस के मुताबिक दोनों ने शूटरों को हत्या की पूरी प्लानिंग के साथ फरारी के दौरान मदद पहुंचाई. पुलिस ने तीनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के लिए भारत सरकार को रिपोर्ट भेजी है.

भोलू साहापुरिया पर एक लाख का इनाम

शामली पुलिस की जांच में भोलू साहापुरिया का नाम अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े गैंग के तौर पर सामने आया है. पुलिस ने अब उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है. भोलू इस समय कनाडा के टोरंटो में बैठा बताया जा रहा है. पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य उसकी गिरफ्तारी के लिए दबाव बढ़ाना और उसके बारे में जानकारी जुटाना है. इससे पहले हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर सत्यम कादयान और आर्यन संधू पर भी एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है.

चिराग और मोंटी की भूमिका भी सामने आई

जांच के दौरान पुलिस को भोलू साहापुरिया के साथ चिराग और मोंटी की भूमिका के बारे में भी जानकारी मिली है. पुलिस के अनुसार, चिराग और मोंटी ने शूटरों को पूरी प्लानिंग के साथ-साथ फरारी में मदद मुहैया कराई. दोनों के कनाडा में होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने इनके खिलाफ भी रेड कॉर्नर नोटिस की रिपोर्ट भारत सरकार को भेजी है. अब जांच में इन दोनों की भूमिका को भी अहम माना जा रहा है.

सत्यम और आर्यन पर पहले ही था इनाम

अंकित बालियान हत्याकांड में फरार शूटर सत्यम कादयान और आर्यन संधू पर पुलिस पहले ही एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है. सत्यम को मुख्य साजिशकर्ता राकेश उर्फ पम्पू का करीबी रिश्तेदार बताया गया है. वारदात के बाद सत्यम कादयान और आर्यन को राकेश पंपू पानीपत के सिवाह गांव लेकर गया था, जहां से दोनों फरार हो गए. दोनों घटना के दौरान एनकाउंटर में मारे गए सुमित और मोहित के साथ दूसरी बाइक पर थे.

GPS से ट्रैक होती थी अंकित की गाड़ी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि अंकित बालियान की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी गाड़ी में GPS लगाया गया था. इनपुट के मुताबिक GPS सत्यम कादयान ने लगाया था और वह अपने मोबाइल से अंकित की गाड़ी को ट्रैक करता था. हत्याकांड के बाद सामने आए CCTV फुटेज में सत्यम और आर्यन बाइक से भागते हुए भी दिखाई दिए थे. बता दें कि 26 अगस्त को शाम करीब 7 बजे अंकित जिम से वर्कआउट करके बाहर निकले थे. इसी दौरान घात लगाए चार बदमाशों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग की. सिर में गोली लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई थी. अब राकेश उर्फ पम्पू का नाम सामने आने के बाद उसकी कस्टडी रिमांड को जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *