उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू भी अपने प्रत्याशी उतारेगा। रविवार को वाराणसी में आयोजित जदयू के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहने को कहा।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, ग्रामीण विकास मंत्री व यूपी के जदयू प्रभारी श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत व अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित पार्टी के कई नेताओं की मौजूदगी रही वाराणसी कार्यकर्ता सम्मेलन में।
निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को यूपी में भी बढ़ाएगा जदयू। हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश में जदयू एक ऐसे संगठन के रूप में खड़ा हो, जो जनता की आवाज बने, उनके मुद्दों की लड़ाई लड़े और जनता की बेहतरी के लिए काम करे।
संगठन को करें मजबूत
बिहार में दो दशकों में नीतीश कुमार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि आदि क्षेत्रों में जो ऐतिहासिक काम किए हैं, उसे गांव-गांव तक पहुंचाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि वे अब लोगों के बीच आते रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनकी निरंतर मुलाकात होगी। उनका प्रयास होगा कि यूपी में पार्टी एनडीए के साथ मिलकर नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को धरातल पर उतारे।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। नीतीश कुमार ने बिहार में जिस सुशासन और विकास के मॉडल को स्थापित किया है, उसे प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद का त्याग करने के बाद पार्टी सहित पूरे बिहार में एक स्वाभाविक अंधेरा छा गया था, लेकिन निशांत के राजनीति में आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है।
अगले 50 साल तक कोई बाल बांका नहीं कर सकता
अब अगले 50 साल तक जदयू का कोई बाल बांका नहीं कर सकता। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में वे पूरी संजीदगी और संवेदनशीलता से काम कर रहे हैं। संजय झा ने याद दिलाया कि जब नीतीश कुमार ने बागडोर संभाली थी, तब बिहार की स्थिति बदतर थी, लेकिन उन्होंने पूरा परिदृश्य और परिस्थितियां बदल दीं।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जिस प्रकार यूपी के कार्यकर्ताओं का अपार स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद निशांत को मिल रहा है, उससे प्रदेश में आने वाले दिनों में पार्टी का जनाधार और बढ़ेगा और जनहित के मुद्दों पर हमारी आवाज और प्रखर होगी।
नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के हर समाज और वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उनके दूरदर्शी विजन से बिहार आज तरक्की की नई इबारत लिख रहा है। अब समय आ गया है कि विकास और सुशासन के इस माॅडल की छाप उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे।










