राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने बिहार लोक भवन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इसमें कर्नल वीपी सिंह ने ओजपूर्ण देशभक्ति कविताओं का पाठ किया तथा बिहार रेजीमेंटल सेंटर के सैनिकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
एकता और अखंडता ही भारत की असली ताकत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश की एकता और अखंडता ही भारत की असली ताकत है। उन्होंने वर्ष 2008 के कश्मीर के चुनौतीपूर्ण दौर को याद किया।
कहा कि अलगाववादी गतिविधियों के बीच केवल सैन्य कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं थी, बल्कि देश की एकता और अखंडता का मजबूत संदेश देना भी जरूरी था।
2008 के प्रसंग को किया याद
इसी उद्देश्य से उन्होंने कवि एवं चिकित्सक डाॅ.कर्नल वीपी सिंह को बारामूला आमंत्रित किया था। 27 अक्टूबर को आयोजित उनका कार्यक्रम राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के प्रति लोगों में विश्वास जगाने में सफल रहा।
यह स्पष्ट संदेश दिया कि भारत की एकता एवं अखंडता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम में राज्यपाल ने कर्नल वीपी सिंह एवं लेफ्टिनेंट विशाल कुमार को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
बता दें कि बेगूसराय के लेफ्टिनेंट विशाल कुमार को 158वीं भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में प्रतिष्ठित स्वार्ड ऑफ ऑनर और राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से इस वर्ष राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह समेत भारतीय सेना के अधिकारी और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।











