टना में खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
मामले से जुड़े कई नए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने बीते रोज दर्ज की गई एफआईआर में फैसल खान (खान सर) का नाम जोड़ दिया है।
इसके साथ ही खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। कदमकुआं थाने में आर्म्स एक्ट और झूठी सूचना के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और देर शाम तक विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
झूठी सूचना देने का आरोप
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस को गलत जानकारी दी गई। इसी आधार पर आर्म्स एक्ट और झूठी सूचना देने का मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दोनों गार्ड को जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कोचिंग के बाहर हुई फायरिंग के बाद बुलेट के पैलेट को भी छिपाने की कोशिश की गई।
2 जून की रात कोचिंग सेंटर पर हुआ था हमला
मामला 2 जून की रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले से जुड़ा है। इस मामले में खान सर ने कई राउंड गोली चलाए जाने का आरोप लगाया था।
जिस कोचिंग सेंटर पर यह आरोप लगा, उसकी ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद खान सर के दो गार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
खान सर से भी एक दिन पहले पूछताछ की गई थी। बताया जाता है कि खान सर ने पुलिस को बताया कि आत्मरक्षा में गोली चलाई गई थी।











