गया में रेलवे ट्रैक पार कर रहे दंपती को मालगाड़ी ने रौंदा, पत्नी की मौके पर मौत; पति की हालत गंभीर

गया-कोडरमा रेलखंड पर पहाड़पुर स्टेशन के समीप शुक्रवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसे में एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। आसनसोल जाने के लिए घर से निकले डुमरी चट्टी गांव के दंपती तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गए।

हादसे में 55 वर्षीय सुमा देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति 60 वर्षीय सरजू रविदास उर्फ भाखो रविदास गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घर में स्वजनों के बीच चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम छा गया।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, दोनों पति-पत्नी घर से पहाड़पुर स्टेशन पैसेंजर ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे लाइन के किनारे पैदल जा रहे थे। पहाड़पुर गांव के समीप रेल लाइन पार करने के दौरान अचानक से तेज गति से मालगाड़ी आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरजू रविदास ने ट्रेन को आते देख पत्नी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सुमा देवी मालगाड़ी की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव बुरी तरह क्षत विक्षत हो गया।

वहीं, सरजू रविदास ट्रेन की टक्कर से दूर जा गिरे। उनकी कमर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं तथा कमर के पीछे गहरा जख्म हो गया।

सरजू रविदास को किया रेफर

आसपास के लोगों और रेल पुलिस की मदद से उन्हें पहले फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गया रेफर कर दिया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सुमा देवी का अंतिम संस्कार

इधर, स्वजन सुमा देवी के क्षत विक्षत शव को घर ले गए, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्रामीण चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार रविदास ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए रेल प्रशासन से मृतका के स्वजन को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *