युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, छपरा के कार्यालय परिसर में 20 जुलाई 2026 को रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की कंपनी के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र की ट्रिमूला फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया एलएलपी द्वारा तकनीशियन एवं सहायक (हेल्पर) के कुल 100 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के दसवीं, बारहवीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 14,600 रुपये से 15,100 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त आवास सुविधा के लिए 2,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता तथा निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित युवाओं की नियुक्ति राजस्थान के जैसलमेर में की जाएगी।
रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर निबंधित होना आवश्यक है। इच्छुक युवा घर बैठे एनसीएस पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा अवर प्रादेशिक नियोजनालय, छपरा कार्यालय में भी ऑनलाइन निबंधन की सुविधा उपलब्ध है।
शिविर स्थल पर भी अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवा रोजगार के अवसर का लाभ उठा सकें।











