पटना शहर के जीरो माइल चौराहे पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत दिलाने की मांग को लेकर पटना हाई कोर्ट में एक लोकहित याचिका दायर की गई है। यह याचिका राजीव रंजन सिंह ने दाखिल कर हाई कोर्ट से प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की है।
याचिका में कहा गया है कि जीरो माइल चौराहा राजधानी के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिदिन घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय निवासियों, कार्यालय आने-जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि बड़े मालवाहक वाहनों के अव्यवस्थित संचालन, यू-टर्न लेने, सड़क पर गलत ढंग से पार्किंग करने तथा यातायात नियमों के खुलेआम उल्लंघन के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
इसके चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है और आम लोगों का समय व संसाधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि इस समस्या से संबंधित शिकायतें कई बार सक्षम प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाई गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी या स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका।
इसी कारण न्यायालय का हस्तक्षेप आवश्यक हो गया है। याचिकाकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि यद्यपि यह याचिका विशेष रूप से जीरो माइल चौराहे की समस्या को लेकर दायर की गई है, लेकिन राजधानी पटना का पूरा यातायात तंत्र गंभीर अव्यवस्था से जूझ रहा है।
पूर्व में भी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर हाई कोर्ट में कई लोकहित याचिकाएं दायर हो चुकी हैं, जिन पर न्यायालय समय-समय पर आवश्यक निर्देश और सुझाव देता रहा है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।











