‘देखते हैं कितनी देर टिकते हैं’, प्रशांत किशोर का बांकीपुर में भाजपा के नए प्रत्याशी पर तंज

बिहार का बांकीपुर उपचुनाव काफी सुर्खियों में है। इसकी एक वजह प्रशांत किशोर की चुनावी एंट्री है, तो दूसरी ओर बीजेपी ने प्रत्याशी बदलकर राजनीतिक हलचल मचा दी है। इस पर प्रशांत किशोर ने चुटकी ली और कहा कि देखते हैं नया प्रत्याशी कब तक टिकता है।

दरअसल, बीजेपी ने पहले बांकीपुर उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही बीजेपी ने दूसरे उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दे दिया। बीजेपी के इस फैसले पर बिहार की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है।

प्रशांत किशोर ने भाजपा पर बोला हमला

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि यह लोकतंत्र की ताकत है। जैसे ही लोग जाति-धर्म, पार्टी और नेता से ऊपर उठकर खड़े हुए, बीजेपी जैसी पार्टी का उम्मीदवार यहां से भाग खड़ा हुआ और उस क्षेत्र से भागा, जहां बीजेपी का गढ़ कहा जाता है। जहां बीजेपी कहती थी कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़े करेंगे तो चुनाव जीत जाएगी, वहां आज उन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहा।

उन्होंने कहा कि यह जनसुराज की नहीं, बल्कि जनता की ताकत है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2025 में बिहार की जनता के साथ धोखा हुआ है। जिसमें बदलाव का नारा दिया गया, लेकिन कोई काम नहीं किया गया है, बल्कि लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं।

प्रशांत ने कहा कि लोगों के राशन कार्ड रद हुए, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का भुगतान नहीं हुआ, नाली-गली की सफाई नहीं हुई और जनता को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। लोग इस बार इसका हिसाब करना चाहते हैं, यही चीज भाजपा को डरा रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले वाले प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग गए, अब दूसरे वाले आये हैं, देखते हैं कितने दिन तक टिकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों के समर्थन को गलत समझ लिया है। प्रशांत के मुताबिक भाजपा को समर्थन लालू यादव के डर से मिलता था। अब उन्हें विकल्प मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *