काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर इलाके में प्रेम विवाह के आठ दिनों बाद सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पुलिस व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल की टीम ने कई साक्ष्य संकलन किए। पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है।
काजीमोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में आमहत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। स्वजन केस व पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
बताया गया कि विकास पड़ोस की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दोनों के बीच विवाद होने होने लगा था। इसके कारण उसकी पत्नी मायके चली गई थी। सोमवार को विकास घर में अकेला था। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ।
लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा तो विकास का शव फंदे से लटका मिला। लोग तत्काल उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। छानबीन के दौरान पड़ोस की एक महिला ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले विकास के माता-पिता काम पर चले गए थे। युवक घर में अकेला था। मूल रूप से विकास पूसा रोड का रहने वाला था।
पहले वह गन्नीपुर में आईटीआई कॉलेज के पास सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहता था। करीब तीन माह पहले वहां अतिक्रमण हटाया गया था। इस वजह से माता-पिता के साथ गन्नीपुर के मिश्रा टोला में किराये का कमरा लेकर रहने लगा था। विकास बिजली मिस्त्री का काम करता था।











