भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा अपडेट: न्यायिक आयोग ने SDO-DSP समेत 15 पुलिसकर्मियों को भेजा समन, पिस्टल जब्त

Bharat Tiwari Encounter case: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण की न्यायिक जांच के क्रम में न्यायिक जांच आयोग ने जगदीशपुर के एसडीओ संजीत कुमार, तत्कालीन डीएसपी राजेश कुमार शर्मा तथा तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार समेत करीब 15 पुलिसकर्मियों को गवाही के लिए समन जारी किया है। इसमें भोजपुर जिला पुलिस से लेकर एसटीएफ के दारोगा व सिपाही तक के नाम शामिल है।

न्यायिक जांच आयोग की ओर से जारी समन में 16 एवं 17 जुलाई को आयोग के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। आयोग ने पूरी घटना की जांच, गवाहों द्वारा लगाए गए आरोपों तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों का पक्ष जानने के लिए सिविल सेवा अधिनियम के तहत उन्हें आयोग की अदालत में उपस्थित होने का आदेश दिया है।

सर्विस पिस्टल जब्त

इधर, मामले की जांच कर रही पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर फोरेंसिक जांच के लिए मुठभेड़ के दौरान मौजूद तत्कालीन जगदीशपुर डीएसपी के बाडीगार्ड संजय कुमार, दारोगा हरिचंद्र कुमार तथा एएसआई रामाशंकर यादव की सरकारी सर्विस पिस्टल जब्त कर ली है।

जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इससे पूर्व तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष राजेश मालाकार की सरकारी पिस्टल, एसटीएफ जवान अक्षय कुमार की सरकारी पिस्टल तथा आरोपित भरत की पिस्टल भी जब्त की जा चुकी है।

न्यायिक जांच आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए शाहपुर थाने के दारोगा हरिचंद्र कुमार, इंस्पेक्टर सह आईओ संजीव कुमार, एएसआई रामाशंकर यादव, एसटीएफ के दारोगा विकास कुमार, दारोगा मंटू कुमार, सिपाही मुन्ना कुमार, सिपाही सोनू मेहता, चालक हवलदार नरेंद्र सिंह, सिपाही अभिषेक कुमार, सिपाही अक्षय कुमार, दारोगा राम कुमार तथा डीएसपी के बाडीगार्ड संजय कुमार को भी समन जारी किया गया है। सभी को अलग-अलग तिथियों पर आयोग के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *