रोहतास के शिवसागर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक तस्कर गिरफ्तार

स्थानीय थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में पुलिस ने बुधवार को छापामारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने मौके से हथियार बनाते एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसका सहयोगी पुलिस को देख भाग निकला।

तस्कर के घर से छह निर्मित व अर्द्धनिर्मित देसी हथियार, हथियार निर्माण में प्रयुक्त होने वाले उपकरण व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्कर ने स्वीकार किया है कि वह पहले एमसीसी को हथियार की आपूर्ति करता था, अब एक सहयोगी के माध्यम से अपराधियों को उपलब्ध कराता है।

प्रभारी सदर डीएसपी एक गौरव कुमार व थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने स्थानीय थाना पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सूचना मिली कि डिहरा गांव में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद प्रभारी सदर डीएसपी के नेतृत्व में शिवसागर थानाध्यक्ष, जिला एसटीएफ व तकनीकी शाखा की टीम गठित कर छापामारी की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही हथियार तस्कर का एक सहयोगी भाग निकला, जबकि मौके पर हथियार तस्कर नागेंद्र शर्मा उर्फ नन्हक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया कि गिरफ्तार आरोपित के घर की तलाशी लेने पर एक देसी राइफल का बट व बैरल, अर्द्धनिर्मित देसी कट्टे, लोहे का बैरल समेत कुल छह हथियार बरामद किए गए।

इसके अलावा हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाले लोहे के विभिन्न पुर्जे, बट, पिन, ट्रिगर, पिस्टल की बाडी तथा मशीन व अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कई वर्षों से हथियार बनाने का काम कर रहा है।

पहले तैयार हथियारों को नक्सली संगठन एमसीसी को आपूर्ति करता था। अब वह इसी थाना क्षेत्र के रामपुर जोई निवासर धनंजय शर्मा के माध्यम से मांग के अनुसार अपराधियों को उपलब्ध कराता है।

हाल के दिनों में उससे हथियार खरीदने वालों का नाम भी बताया है, जिसका सत्यापन पुलिस कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस फरार आरोपित की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी कर रही है। पुलिस संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी कर गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *