‘संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रहा विपक्ष’, भागलपुर में बरसे नीतीश मिश्रा; 2 को BJP निकालेगी बड़ी पदयात्रा

BJP Padyatra In Bhagalpur Nitish Mishra: विपक्षी दलों द्वारा लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर उठाए जा रहे सवालों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब सीधे जनता की अदालत में उतरेगी। आगामी दो नवंबर को भागलपुर में प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।जिलाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित जिले और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ हुआ।

हार के कारणों को छिपाने के लिए संस्थाओं को बदनाम कर रहा विपक्ष: नीतीश मिश्रा

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि जनता को लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक जवाबदेही और केंद्र व राज्य सरकार के लोककल्याणकारी कार्यों से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

मंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर सीधा प्रहार करते हुए कहा, “विपक्ष चुनावों में लगातार मिल रही करारी हार से हताश हो चुका है। अपनी कमजोरियों और हार के कारणों पर आत्ममंथन करने के बजाय वह चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसी सर्वोच्च संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाकर उन्हें बदनाम करने की घिनौनी साजिश रच रहा है।”

उन्होंने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विकास नीतियों पर बार-बार भरोसा जताया है और भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के हर दुष्प्रचार का जवाब जनता के बीच जाकर तथ्यों के साथ देंगे।

नितिन नवीन होंगे मुख्य अतिथि, 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता जुटेंगे

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने पदयात्रा की तैयारियों का खाका रखते हुए बताया कि दो नवंबर को आयोजित होने वाले इस विराट आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि पदयात्रा में भागलपुर शहरी और ग्रामीण इलाकों से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। नवगछिया जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह और जिला प्रभारी राजेश जैन ने भी कहा कि विपक्ष लोकतंत्र की दुहाई देकर अराजकता का माहौल बनाना चाहता है, जिसका पर्दाफाश यह पदयात्रा करेगी।

पार्टी के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और नेता रहे मौजूद

बैठक के दौरान नगर विधायक रोहित पांडेय, एमएलसी डॉ. एन.के. यादव, भागलपुर की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल, मुरारी पासवान, नवगछिया प्रभारी पवन मिश्रा, अभय वर्मन, नितेश सिंह, योगेश पांडेय और रतन मंडल सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। सभी नेताओं ने एक स्वर में बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक जनसंपर्क कर पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *