बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, अररिया की ओर से 14 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर संयुक्त श्रम भवन स्थित जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।
रोजगार शिविर में पूर्णिया की नव भारत फर्टिलाइजर्स एलएलपी द्वारा बिक्री प्रशिक्षु के कुल 20 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए बिहार के योग्य बेरोजगार युवा भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट या उससे अधिक निर्धारित की गई है। आयु सीमा 20 से 40 वर्ष रखी गई है।
इस भर्ती में केवल पुरुष अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 14,500 रुपये तक सकल वेतन के साथ कमीशन और प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
अभ्यर्थियों का चयन कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। रोजगार शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड या पासपोर्ट आकार का फोटो, नियोजन प्रपत्र तथा सभी मूल प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि यह निजी क्षेत्र की नियुक्ति है। नियुक्ति की शर्तों के लिए संबंधित नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
रोजगार शिविर में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। जिला नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में रहेगा और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता भी नहीं दिया जाएगा।











