रेल यात्रियों को तोहफा: पाटलिपुत्र-पूर्णिया के बीच शुरू हुई नई स्पेशल ट्रेन, चेक करें रूट और टाइमिंग

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट के बीच ट्रेन आन डिमांड (टीओडी) के तहत 03216/03215 स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का सोमवार से परिचालन शुरू हुआ। यह सप्ताह में पांच दिन चलेगी। इस बात की जानकारी पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने सोमवार को दी।

उन्होंने बताया कि इसका नोटिफिकेशन आ गया है। पाटलिपुत्र से चलने वाली 03216 स्पेशल ट्रेन मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रात 12:55 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट बाद एक बजे पूर्णिया के लिए रवाना होगी। ट्रेन रात दो बजे समस्तीपुर, सुबह 5:55 बजे सहरसा और 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी।

यह ट्रेन बरौनी होकर नहीं जाएगी। हसनपुर रोड होकर मानसी, खगड़िया, सहरसा, बनमनखी स्टेशन होते हुए पूर्णिया जाएगाी। इससे यह ट्रेन कोसी के नए क्षेत्रों तक तिरहुत के संपर्क को जोड़ेगी। इसका किराया अभी प्रीमियम रखा गया है।

वापसी में 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन मुजफ्फरपुर में दोपहर 3:50 बजे पहुंचेगी और 3:55 बजे पाटलिपुत्र के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन बुधवार व शनिवार को छोड़कर पाटलिपुत्र से तथा गुरुवार व रविवार को छोड़कर पूर्णिया से चलेगी।

20 कोच वाली ट्रेन में सामान्य श्रेणी के चार, स्लीपर के 10, एसी-3 के तीन और एसी-2 का एक कोच रहेगा। रात में मुजफ्फरपुर से पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

इससे रात की सड़क यात्रा और बस पर निर्भरता कम होगी और यात्री रात्रि में भी मुस्कान के साथ सफर कर अपने गणतव्य तक खुशी-खुशी पहुंच सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *