बिहार में मछलियों के लिए खुलेंगे सुधा बूथ जैसे 100 बिक्री केंद्र, अब घर बैठे ऑनलाइन ऑर्डर पर मिलेगी ताजी मछली

राज्य में अब सुधा बूथ की तर्ज पर लोगों को स्वच्छ वातावरण में ताजी और गुणवत्तापूर्ण मछलियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके लिए सात निश्चय-3 योजना के तहत पूरे बिहार में 100 फ्रेश कैच कियोस्क खोले जाएंगे। पहले चरण में 30 और दूसरे चरण में 70 कियोस्क स्थापित होंगे।

इन बिक्री केंद्रों पर जीवित और ताजी मछलियों के साथ समुद्री मछली, झींगा, लाबस्टर, पोमफ्रेट और हिल्सा भी उपलब्ध होगी। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन होम डिलीवरी की सुविधा भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन परिसर में बने पहले फ्रेश कैच कियोस्क का उद्घाटन किया।

इस मौके पर मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विभागीय सचिव शीर्षत कपिल अशोक और मत्स्य निदेशक तुषार सिंगला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बक्सर की मत्स्यजीवी सहयोग समिति की ओर से सुइयां भागर जलकर में पकड़ी गई तीन टन चेलहवा मछली को सिलीगुड़ी भेजने वाले वाहन को रवाना किया।

SAMRAT CHAODHARY

मंत्री नंदकिशोर राम ने बताया कि पहले चरण में पटना, नालंदा, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पश्चिम चंपारण में कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। दूसरे चरण में गया, पूर्वी चंपारण, कैमूर, रोहतास सहित अन्य जिलों और पटना के मछुआटोली, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, ऊर्जा स्टेडियम, बीएसईबी कालोनी, राजाबाजार और फुलवारीशरीफ में बिक्री केंद्र खोले जाएंगे।

आगे इस योजना का विस्तार जिला मुख्यालयों के साथ अनुमंडल और प्रखंड स्तर तक किया जाएगा। एक कियोस्क की निर्धारित निर्माण लागत 11 लाख रुपये है।

संभावित मूल्य वृद्धि को देखते हुए अधिकतम लागत 13.20 लाख रुपये रखी गई है। कियोस्क में मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड चेन, डीप फ्रीजर और डिस्प्ले काउंटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा स्वच्छ पानी, जल निकासी, बिजली, बैकअप, डिजिटल भुगतान और कचरा प्रबंधन की सुविधा रहेगी।

जू गेट नंबर दो के पास तरकारी आउटलेट का उद्घाटन

सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना जू के गेट नंबर-दो के पास तरकारी आउटलेट का शुभारंभ किया। बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा संचालित यह पहला आउटलेट है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह, निबंधक (सहयोग समितियां) रजनीश कुमार सिंह भी मौजूद थे।

राम कृपाल यादव ने कहा कि योजना के प्रथम चरण में प्रति इकाई 7.44 लाख रुपये की लागत से कुल 200 तरकारी आउटलेट का निर्माण कराया जा रहा है।

पटना नगर निगम क्षेत्र के पार्कों में भी इस प्रकार के गुणवत्तापूर्ण तरकारी आउटलेट खोले जाने की योजना है। गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट एवं शास्त्री नगर स्थित आफिसर्स क्वार्टर में भी तरकारी आउटलेट का शुभारंभ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *