Veena Net worth: मकान डेवलपर्स की CEO, रांची और नोएडा में फ्लैट; JJD प्रत्याशी वीणा मानवी के पास कितनी संपत्ति?

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मांडवी ने सोमवार को नामांकन के साथ दाखिल शपथपथ अपने खिलाफ गर्दनीबाग, फतुहा और कंकड़बाग थाने में दर्ज तीन आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। इनमें एससी-एसटी एक्ट, साइबर अपराध, आपराधिक धमकी और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं।

हालांकि किसी भी मामले में अब तक दोषसिद्धि नहीं हुई है। एक ओर उन्होंने खुद को 1.30 करोड़ रुपये की अचल व 37.69 लाख रुपये की चल संपत्ति का मालिक बताया है तो दूसरी ओर 36.32 लाख रुपये के बैंक ऋण का भी उल्लेख किया है। उन्होंने मगध विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।

मकान डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड की सीईओ हैं वीणा

वीणा के पास उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा व झारखंड के रांची में दो फ्लैट हैं। उनकी बाजार कीमत क्रमशः 80 लाख व 50 लाख रुपये बताई गई है। चल संपत्ति में बैंक जमा, LIC व अन्य बीमा निवेश के अलावा 115 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी भी है।

ICICI  बैंक का 36.32 लाख रुपये का ऋण है। उन्होंने सरकारी विभाग का कोई बकाया नहीं होने की जानकारी दी है। उन्होंने खुद को मकान डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड की सीईओ बताया है। 2026-27 के लिए उन्होंने 7.40 लाख रुपये की आय घोषित की है। उनके पति की कोई आय या संपत्ति दर्ज नहीं है।

SC/ST केस में भी दर्ज है FIR

वीणा मांडवी के खिलाफ गर्दनीबाग थाने में दर्ज कांड संख्या 19/2025 में धमकी, साइबर अपराध, एससी-एसटी एक्ट के तहत मर्यादा भंग करने तो फतुहा थाना कांड संख्या 45/2025 में झूठी गवाही देना, जान-बूझकर गंभीर चोट पहुंचाना, जबरन कैद करना, हमला, आपराधिक धमकी, सार्वजनिक रूप से किसी एससी/एसटी व्यक्ति का जान-बूझकर अपमान करना और एससी-एसटी महिला

की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के आरोप हैं। वहीं, कंकड़बाग थाना कांड संख्या 335/2025 में विश्वास का आपराधिक उल्लंघन, धोखाधड़ी, आपराधिक साज़िश जैसे आरोप हैं। गर्दनीबाग व फतुहा थाने के मामले विशेष एससी-एसटी कोर्ट में तो कंकड़बाग का मामला एसीजेएम-7 की अदालत में लंबित है। अब तक किसी आपराधिक मामले में सजा नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *