जिले के प्रभारी मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।
30 दिन में आवेदन निपटाने का निर्देश
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन किया जाएगा। यदि तय समय सीमा के अंदर आवेदन लंबित पाए गए तो सीएमओ स्तर से संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया जाएगा।
महोद्दीपुर में शिविर का उद्घाटन
मझौलिया प्रखंड के महोद्दीपुर पंचायत में ‘सहयोग से विकास, जन-जन का प्रयास’ अभियान के तहत मुख्य शिविर का उद्घाटन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने राशन कार्ड, पेंशन, आवास और अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा किए।
पांच पंचायतों में शुरू हुआ अभियान
प्रखंड की पांच पंचायतों में सहयोग शिविरों का शुभारंभ किया गया। महोद्दीपुर पंचायत में अब तक कुल 487 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 87 प्रतिशत मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा कर दिया गया। इससे लोगों में संतोष देखा गया।
लाभुकों को बांटे प्रमाण पत्र
मंत्री ने शिविर में कई लाभुकों को राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन और अन्य विभागीय योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए। अधिकारियों ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक रेणु देवी, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन तथा एसडीएम विकास कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार, कृषि पदाधिकारी अबुलैस अनवर, आपूर्ति पदाधिकारी जयप्रकाश मौर्य, शिक्षा पदाधिकारी हफीजुर्रहमान, मुखिया आशा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











