प्यार की सजा मौत बनी, बोरी में बंद मिली बेटी की लाश, पश्चिम चंपारण में दो पकड़े गए

बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर क्षेत्र में एक युवती की हत्या कर शव को बोरी में भरकर सिकरहना नदी में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है । पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।

बता दें कि शनिवार रात अज्ञात लोगों ने युवती की हत्या करने के बाद शव को बोरी में भरकर नदी में फेंक दिया। सोमवार दोपहर सिकरहना नदी के घोंघा घाट के पास लोगों ने नदी में एक बोरी तैरती देखी । शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई ।

बोरी खोलते ही सामने आया हत्या का मामला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नदी से बोरी बाहर निकलवाई। जब बोरी खोली गई तो उसमें एक युवती का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

काफी प्रयास के बाद मृतका की पहचान घोंघा वार्ड संख्या छह निवासी छोटे लाल राम की 18 वर्षीय पुत्री कविता कुमारी के रूप में की गई। परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया ।

प्रेम प्रसंग और ऑनर किलिंग के एंगल से जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है । वहीं, पुलिस ऑनर किलिंग की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतका के स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *