‘भरत तिवारी गरीबों की आवाज थे…’, चिराग के करीबी हुलास पांडे का बयान; भोजपुर सिंगर बोले- घरवालों को मिले न्याय

लोजपा (रामविलास) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी हुलास पांडे (LJPR Hulas Pandey) ने शुक्रवार को बिलौटी गांव पहुंचकर पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी (Bharat Tiwari) के परिजनों से मुलाकात की।

उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मुलाकात के बाद हुलास पांडे ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने दीजिए। रिपोर्ट के आधार पर इस प्रकरण में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ स्पीड ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द कार्रवाई कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भरत भूषण तिवारी गरीबों की आवाज थे और समाज के लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते थे। उन्होंने आगे कहा कि कटाव प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ी जाएगी।

इस दौरान विपुल सिंह, बिडुल पांडेय, मयूर पांडेय, लोजपा के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान, नीलेश्वर उपाध्याय, सरोज तिवारी, राघवेंद्र कुमार एवं अमृत प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

भरत तिवारी को न्याय मिलने तक हर लड़ाई में साथ-रितेश पांडे

भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिलने भोजपुरी फिल्म अभिनेता एवं गायक रितेश पांडे भी शुक्रवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।

परिजनों से बातचीत के बाद रितेश पांडे ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़े हैं और जब तक भरत तिवारी एवं उनके परिजनों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका समर्थन जारी रहेगा।

रितेश पांडे ने भरत तिवारी को एक सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि न्याय की लड़ाई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उनके आगमन पर गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *