UP Monsoon Rain: यूपी के इन जिलों में कल बरसेंगे बादल, मॉनसून की तेज बारिश को लेकर भी आई चेतावनी

उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने 24 जुलाई के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, 24 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. राहत की बात यह है कि 24 जुलाई के लिए प्रदेश भर में किसी भी प्रकार की भारी बारिश या गंभीर मौसम की चेतावनी जारी नहीं की गई है.

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 24 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश, दोनों ही संभागों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मॉनसून द्रोणी (Monsoon Trough) और मध्य-ऊपरी क्षोभमंडल में बने मौसमी तंत्रों के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी.

इन जिलों में होगी हल्की बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, झांसी, लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, अयोध्या, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है.

तापमान का हाल

मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य भर में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद के तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि देखने को मिल सकती है. रात के न्यूनतम तापमान में भी इस पूरे सप्ताह किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं.

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 25 और 26 जुलाई तक प्रदेश में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इसके बाद 27 जुलाई से राज्य में मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा और पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ-साथ भारी बारिश की चेतावनी देखने को मिल सकती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *