भागलपुर क्राइम : OLX पर सेकेंड हैंड फोन के नाम पर ठगी, कोर्ट परिसर में मारपीट और चोरी के मोबाइल संग 1 गिरफ्तार

भागलपुर जिले में साइबर ठगी, मारपीट और चोरी के अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। तातारपुर, तिलकामांझी और बरारी थाना क्षेत्रों से ये मामले सामने आए हैं।

OLX पर सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने के नाम पर ₹9 हजार की ठगी

तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय मोहल्ला निवासी दीपा भारती साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं। उन्होंने ओएलएक्स (OLX) ऐप पर सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने के लिए संपर्क किया था। इस दौरान जालसाज ने खुद को मोबाइल का वास्तविक मालिक (विक्रेता) बताकर झांसे में लिया और ऑनलाइन माध्यम से 9,000 रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता द्वारा ठगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

भागलपुर कोर्ट परिसर में मारपीट व गाली-गलौज, तिलकामांझी थाने में FIR

व्यवहार न्यायालय परिसर में मारपीट और जख्मी कर देने का मामला सामने आया है। कंपनी बाग निवासी अमित कुमार सिंह ने डोमी मंडल, धरती कुमार, सुरपी मंडल, शंकर मंडल व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अमित अपने साले सुभाष मंडल (जो औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुए एक हत्या के केस में गिरफ्तार होकर लाया गया था) से मिलने अन्य परिजनों के साथ कोर्ट परिसर आए थे। उसी दौरान आरोपियों ने उनकी पत्नी से मोबाइल छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर गाली-गलौज कर मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया। घटना स्थल तिलकामांझी थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला तिलकामांझी थाने में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बरारी पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ फंटुश यादव को किया गिरफ्तार

बरारी थाने की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक आरोपी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी खंजरपुर काली स्थान के पास का रहने वाला 25 वर्षीय फंटुश यादव है। बरारी पुलिस ने उससे पूछताछ करने और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *