7 फेरे के बाद दुल्‍हन ने द‍िया धोखा; गाज‍ियाबाद से आया दूल्‍हा गया में करता रह गया इंतजार

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी मुहल्ले में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी निवासी रविंद्र कुमार की शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई, लेकिन सात फेरे और सिंदूरदान के 6 घंटे बाद दुल्हन फरार हो गई।

अपने साथ लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवर ले गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

गाजियाबाद से आए दुल्हा को शादी के नाम पर ठगा

रविंद्र कुमार ने बताया कि अलीगढ़ के एक व्यक्ति के माध्यम से उनकी पहचान शकील से हुई थी। उसने उन्हें गया बुलाकर युवती और उसके परिवार से मुलाकात कराई।

शादी तय होने के बाद दुल्हन ने दूल्हे के खर्च पर करीब 10 हजार रुपये की खरीदारी की तथा मेकअप के नाम पर भी चार हजार रुपये ले लिए। इसके बाद गांधी मुहल्ले में पूरे विधि-विधान से विवाह कराया गया।

रविंद्र के अनुसार, शादी के दौरान उन्होंने दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया पहनाई। विदाई से पहले शकील ने पहचान पत्र की फोटोकॉपी कराने का बहाना बनाया।

इसके बाद दुल्हन को बाइक पर बैठाकर चला गया। काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन भी बंद मिले।

इसके बाद ठगी का अहसास होने पर पीड़ित पक्ष सीधे मुफस्सिल थाना पहुंचा। पीड़ितों का आरोप है कि एजेंट पहले ही एक लाख रुपये नकद ले चुका था।

मुफस्सिल थाना पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

वहीं, शादी के दौरान बनाए गए वीडियो और मोबाइल से खींचे गए फोटो भी दुल्हन पक्ष ने डिलीट करा दिए, जिससे पहचान संबंधी साक्ष्य कम हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुल्हन की कथित बड़ी बहन और एक बिचौलिये को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हालांकि मुख्य आरोपी दुल्हन और एजेंट शकील अब भी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि यह शादी के नाम पर ठगी करने वाला संगठित गिरोह हो सकता है, जो अलग-अलग पहचान बनाकर लोगों को अपना शिकार बनाता है।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, कर्ज लेकर शादी करने वाले पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटी गई रकम व जेवर बरामद कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *