Haridwar Accident : गंगाजल लेकर लौट रहे थे कांवड़िए, तभी फ्लाईओवर से सिर पर गिरा गर्डर; दो युवकों की मौत

Haridwar Accident : उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के बहादराबाद क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लोहे का गर्डर गिरने से उसकी चपेट में आए उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ियों की मृत्यु हो गई। कांवड़ यात्रा के दौरान दो दिन में यह दूसरा हादसा है।

पुलिस ने बताया कि हादसा बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास शाम को हुआ जब दोनों फ्लाईओवर के नीचे आराम कर रहे थे और अचानक उनके ऊपर लोहे का भारी गर्डर गिर पड़ा। दोनों कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई जिनकी पहचान गाजियाबाद जिले के रहने वाले 21 वर्षीय तनुज और 22 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लेकर वापस लौट रहे थे और कुछ देर विश्राम करने के लिए फ्लाईओवर के नीचे रुके थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद अन्य लोगों और कांवड़ियों ने दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहादराबाद पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कांवड़ियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सुरक्षा मानकों के पालन और वहां लोहे का भारी गर्डर रखे जाने में हुई कथित लापरवाही की जांच की जा रही है तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। तीस जुलाई को कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से यह दूसरा हादसा है। इससे पहले शुक्रवार को ज्वालापुर क्षेत्र में गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के रहने वाले 16 से 18 साल की उम्र के चार नाबालिग कांवड़ियों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *